जयमाला से पहले ही स्टेज पर दुल्हन पर फायरिंग,गोली लगने से हुई मौत, कथित प्रेमी फरार
बिहार के बक्सर जिले में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब जयमाला से ठीक पहले दुल्हन को गोली मार दी गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत की है, जहां मंगलवार रात विवाह कार्यक्रम चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से बारात चौसा पंचायत के मल्लाह टोला पहुंची थी। यहां नंद जी मल्लाह की बेटी आरती कुमारी की शादी पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हो रही थी। जयमाला की तैयारी के बीच आरती मंच पर पहुंची ही थी कि अचानक एक युवक स्टेज के पास आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने अपनी शर्ट के भीतर से पिस्टल निकाली और सीधे दुल्हन पर गोली चला दी।
गोली आरती के पेट में लगी और वह लहूलुहान होकर मंच पर गिर पड़ी। मंच पर मौजूद लड़कियां घबराकर चिल्लाने लगीं आरती को गोली मार दी। समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फायरिंग के बाद मची भगदड़ साफ दिखाई दे रही है।
घायल आरती को तत्काल बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, गोली चलाने वाला युवक दीनबंधु बताया जा रहा है, जो आरती का पड़ोसी है। ग्रामीणों का कहना है कि वह पिछले दो वर्षों से आरती से प्रेम करता था। आरोपी दीनबंधु, पिता रमाशंकर चौधरी, का घर पीड़िता के घर के पास ही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।








