राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना परीक्षा (NMMSS) 2026 में बिहार से रिकॉर्ड आवेदन
85 हजार विद्यार्थियों ने भरा फॉर्म, शिक्षकों के प्रयास से दोगुनी हुई भागीदारी
पटना। राज्य में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने वाली राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना (NMMSS) 2026 के लिए इस वर्ष बिहार से रिकॉर्ड आवेदन सामने आए हैं। इस वर्ष लगभग 85,000 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुना माना जा रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय मंच टीचर्स ऑफ बिहार के एग्जाम सेल और राज्यभर के समर्पित शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन, जागरूकता अभियान तथा ऑनलाइन तैयारी कार्यक्रमों का यह सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।
शिक्षकों ने विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित किया। साथ ही मॉक टेस्ट, अध्ययन सामग्री और नियमित मार्गदर्शन के माध्यम से छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाया। यही कारण है कि इस बार बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए आवेदन किया है।
सर्वाधिक आवेदन वाले जिले…..
इस वर्ष आवेदन के मामले में कई जिलों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है—
बेगूसराय – 5202
समस्तीपुर – 5080
गोपालगंज – 4658
मुजफ्फरपुर – 4053
मधुबनी – 4040
इन जिलों के शिक्षकों द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान और नियमित तैयारी सत्रों का सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों की भागीदारी में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक पहल…..
टीचर्स ऑफ बिहार के एग्जाम सेल द्वारा विद्यार्थियों को सही दिशा में मार्गदर्शन देने, परीक्षा की तैयारी के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने तथा शिक्षकों को जोड़कर एक सशक्त शैक्षणिक वातावरण बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के सामूहिक प्रयास से न केवल छात्रवृत्ति परीक्षाओं में भागीदारी बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण और सरकारी विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
एग्जाम सेल के सक्रिय शिक्षक……
टीचर्स ऑफ बिहार एग्जाम सेल से जुड़े सक्रिय शिक्षकों में पप्पु कुमार पंकज (मुजफ्फरपुर), पृथ्वीराज सिंह (गोपालगंज), कुमार अभिषेक (मुजफ्फरपुर), कृष्णकांत तिवारी (भोजपुर), शुभी श्रीवास्तव (मुजफ्फरपुर), शुभम कुमार (मुजफ्फरपुर), मनीष कुमार (गोपालगंज), निवेदिता रानी (मुजफ्फरपुर) एवं प्रताप कुमार (सिवान) शामिल हैं, जिनके प्रयास से विद्यार्थियों को निरंतर मार्गदर्शन मिल रहा है।
प्रदेश प्रवक्ता एवं प्रदेश मीडिया संयोजक ने दी जानकारी…
इस संबंध में जानकारी देते हुए टीचर्स ऑफ बिहार के प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने बताया कि शिक्षकों की जागरूकता और विद्यार्थियों की मेहनत के कारण इस वर्ष NMMSS परीक्षा के लिए रिकॉर्ड आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह के प्रयासों के माध्यम से राज्य के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।
टीचर्स ऑफ बिहार के एग्जाम सेल के सभी सदस्यों, सहयोगी शिक्षकों और जागरूक विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।








