डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती कार्यक्रम में SC-ST जनप्रतिनिधियों की अनदेखी ! निगम अध्यक्ष ने उठाए सवाल, कार्रवाई की मांग
सागर। नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने सोमवार शाम 4:00 संभागायुक्त अनिल सुचारी को ज्ञापन सौंपकर अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में पद्माकर सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समारोह एवं हितग्राही सम्मेलन में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित न किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
निगमाध्यक्ष ने ज्ञापन में बताया कि शासन के निर्देशानुसार डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन आज पद्माकर सभागार मोतीनगर में किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग, वल्लभ भवन भोपाल द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट कहा गया है कि ऐसे आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
इसके बावजूद आरोप है कि प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के साथ-साथ नोडल अधिकारी द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किया गया। इससे इन वर्गों के प्रतिनिधियों को कार्यक्रम से दूर रखा गया। निगमाध्यक्ष ने कहा कि अंबेडकर जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर इस प्रकार की अनदेखी न केवल शासन के निर्देशों का उल्लंघन है, बल्कि सामाजिक समरसता के विपरीत भी है। उन्होंने संभागायुक्त से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।








