Sagar : अब भगवान भी नहीं सुरक्षित ! सागर के मरई माता मंदिर में बड़ी चोरी, लाखों के जेवर और दान पेटी साफ
Sagar : सागर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब चोरों ने घरों के साथ-साथ धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला मोती नगर थाना क्षेत्र के कनेरादेव स्थित मरई माता मंदिर का है, जहां चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी नरेश पांडेय शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रोजाना की तरह पूजा करने पहुंचे, तो मंदिर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। जब वे गर्भगृह में पहुंचे, तो माता की प्रतिमा से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे और दो दान पेटियों में से एक दान पेटी की नगदी भी चोरी हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और आक्रोश जताते हुए मोती नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर सीएसपी ललित कश्यप अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट टीम भी बुलाई गई, जिसने साक्ष्य जुटाए।
पुजारी नरेश पांडेय के मुताबिक, चोरी में करीब डेढ़ से दो किलो का चांदी का मुकुट, सोने का मंगलसूत्र, हार, चांदी के कड़े, पांच जोड़ी पायल, 40 -45 चांदी के छत्रअन्य पूजन सामग्री और दान पेटी की नगदी शामिल है। पुजारी के मुताबिक वारदात में गई आभूषणों की कीमत लगभग ₹9 लाख है
मंदिर में हुई इस बड़ी चोरी से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरो पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








