सागर : तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, शादी से लौटते समय हुआ हादसा
सागर/बीना। आगासौद रोड पर बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि डबल फाटक के पास तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय रामगोपाल अहिरवार, पिता रामभरोसी अहिरवार, निवासी बारधा थाना बीना के रूप में हुई है। वह अपनी बाइक (क्रमांक एमपी 15 एमएल 8281) से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान बीना की ओर से आ रही कार (क्रमांक एमपी 67 सी 7470) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, रामगोपाल पिछले करीब एक सप्ताह से अपनी ससुराल, कालूखेड़ी गांव (बीना) में ठहरा हुआ था। वह अपने साले की शादी में शामिल होने के बाद अपने घर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मृतक के रिश्तेदार रघुवर अहिरवार ने बताया कि रामगोपाल ससुराल से लौटते समय इस हादसे का शिकार हो गया। घटना की सूचना उन्हें मौके पर मौजूद लोगों से मिली, जिसके बाद वे तुरंत वहां पहुंचे।








