MP : 28 अप्रैल को पीएम मोदी देंगे अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात, मध्य प्रदेश को मिलेंगी दो नई ट्रेनें
भोपाल। मध्य प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए 28 अप्रैल एक खास दिन साबित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश की आधुनिक और किफायती ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ की दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इन ट्रेनों के शुरू होने से प्रदेश के कई अहम औद्योगिक और धार्मिक शहरों की सीधी कनेक्टिविटी उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से हो जाएगी।
पहली ट्रेन अयोध्या कैंट से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच चलाई जाएगी। यह ट्रेन प्रयागराज से होते हुए मानिकपुर, सतना, जबलपुर और इटारसी जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद यह भुसावल, जलगांव और नासिक के रास्ते मुंबई तक जाएगी। इस रूट के शुरू होने से जबलपुर और सतना के यात्रियों को अयोध्या और मुंबई के लिए एक सुविधाजनक और तेज विकल्प मिल जाएगा।
वहीं दूसरी ट्रेन बनारस से हडपसर (पुणे) के बीच संचालित होगी। यह ट्रेन बनारस और प्रयागराज से चलकर बीना, रानी कमलापति (भोपाल), नर्मदापुरम और इटारसी होते हुए आगे बढ़ेगी। इसके बाद हरदा, खंडवा और भुसावल के रास्ते पुणे के हडपसर स्टेशन तक पहुंचेगी। इस सेवा से भोपाल और नर्मदापुरम के यात्रियों को बनारस और पुणे के लिए सीधा और आसान सफर उपलब्ध होगा।
अमृत भारत एक्सप्रेस पूरी तरह नॉन-एसी ट्रेन है, लेकिन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसमें कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। कोच में फोल्डेबल स्नैक टेबल, मोबाइल होल्डर, चार्जिंग पॉइंट, बेहतर कुशन वाली सीटें और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जिससे सफर अधिक आरामदायक बनाया गया है।








