सागर : बाइक सवार को परासरी नदी पुल पर मारी गोली,तीन युवकों ने रोका रास्ता, एक ने किया कट्टे से फायर
सागर/बीना। भानगढ़ थाना क्षेत्र में परासरी नदी के पुल पर एक बाइक सवार युवक पर गोली चला दी। हमले में युवक के हाथ में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार देवराजी निवासी चैन सिंह लोधी 35 शनिवार को अपने गांव से कंजिया जा रहे थे। परासरी नदी के पुल पर बाइक सवार रामराजा लोधी, हजरत लोधी दोनों देवराजी निवासी और लहरावदा निवासी लक्ष्मन लोधी ने उनकी बाइक रोक दी। आरोपियों ने चैन सिंह को गाली गलौज करना शुरू कर दिया। जब चैन सिंह ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपी रामराजा लोधी ने कट्टे से उन पर हमला कर दिया। गोली चैन सिंह के बायें हाथ की भुजा में लगी। बताया गया है कि रामराजा लोधी और चैन सिंह लोधी के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। बीती रात भी दोनों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद रामराजा लोधी ने चैन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते शनिवार को यह विवाद फिर से बढ़ गया। दोनों परिवारिक सदस्य हैं और उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। कंजिया चौकी प्रभारी कमलेश धुर्वे ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट पर तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।








