ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खिलाते दो सटोरिये गिरफ्तार,बैंगलुरू और गुजरात की टीम पर लगा रहे थे हार-जीत का दाव
सागर। कोतवाली थाना पुलिस ने दो स्थानों पर दबिश देकर ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खिलाते हुये दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से सट्टे की लिंक, मोबाइल और नकद रुपये जब्त किये गये है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि महावीर भोजनालय के पास एक व्यक्ति अपने मोबाइल से आईपीएल के मैच की टीमों पर हार-जीत पर रुपये लगवा रहा है। सट्टा खिलाये जाने की सूचना पर पुलिस टीम कार्यवाही के लिये रवाना हुई। टीम ने महावीर भोजनालय के पास पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आयुश पिता मनोज कुमार जैन 26 वर्ष निवासी रामपुरा होना बताया। मोबाइल फोन जब्त किया। जिसमें आरोपी आईपीएल किक्रेट मैच का खेल रॉयल चैलेंजर बैंगलुरू आरसीबी और गुजरात टाईटंस जीटी टीमों के बीच मैच चलते हुये पाया गया। मोबाइल पर आईपीएल आईडी आईडी और रेड्डी लिंक खुली मिली। जिस पर 1500 रुपये की आईपीएल आईडी शो हो रही थी। पुलिस ने कार्यवाही करते हुये आरोपी आयुश गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया। दूसरी कार्यवाही पुलिस ने कटरा बाजार इलाके में स्थित म्युनिसिपल स्कूल के पास की, जहां एक युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दर्शन पिता ओमशंकर केशरवानी 21 वर्ष निवासी भीतर बाजार कटरा जवाहरगंज वार्ड होना बताया। मोबाइल, सट्टा बुकिंग के रुपयों के बारे में पूछताछ की गई। आरोपी के मोबाइल पर आईपीएल किक्रेट मैच का खेल चेन्नई सुपर किंग्स सीएसके और मुंबई एमआई टीमों के बीच चलता मिला। मोबाइल पर सट्टे की आईडी और लिंक मिली। जिस पर 5072 रुपये की आईपीएल आईडी शो हो रही थी। मामले में पुलिस ने मोबाइल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि आईपीएल सट्टा खिलाते हुये दो युवकों को पकड़ा है। उनके कब्जे से मोबाइल फोन और सट्टे की लिंक मिली है। मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।








