बीना-सागर नेशनल हाईवे पर युवक का शव रखकर चक्काजाम,परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, पुलिस की समझाइश के बाद माने
बीना। सागर नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक युवक की मौत के बाद उसके परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। मामला जरूआखेड़ा के पास सेमरा लहरिया तिराहा का है। जानकारी के मुताबिक सेमरा लहरिया गांव के रहने वाले धर्मेंद्र यादव सोमवार देर रात में जरूआखेड़ा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक देवी मंदिर की दीवार से टकरा गई। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गये। गंभीर हालत में धर्मेंद्र को सागर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर सेमरा लहरिया तिराहा पहुंचे। तिराहे पर पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। उनका कहना था कि धर्मेंद्र की मौत हादसे में नहीं, बल्कि हत्या है। सूचना मिलते ही जरूआखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कुजूर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाइश दी और मामले की जांच का भरोसा दिलाया। चक्काजाम के कारण नेशनल हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। काफी देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस की काफी कोशिशों के बाद परिजन शांत हुये और चक्काजाम खत्म किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।








