सागर में सूरज का कहर : 40°C के पार पारा, लू बनी जानलेवा,कबूतरों की मौत, सड़कों पर पसरा सन्नाटा, येलो अलर्ट जारी
सागर जिले में इन दिनों भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार को दोपहर 1 बजे तक ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पूरे शहर में गर्म हवाओं का असर साफ देखने को मिला। तेज धूप और लू के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में रहने को मजबूर नजर आए।
गर्मी का असर सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि पशु-पक्षी भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। शहर से सामने आई कुछ तस्वीरों में कबूतर पेड़ों से नीचे गिरते दिखाई दिए, जिनकी गर्मी के चलते मौत हो गई। यह स्थिति बढ़ती तापमान की गंभीरता को दर्शाती है।
मौसम विभाग ने सागर में लू का अलर्ट जारी किया है और अगले कुछ दिनों तक तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
डॉक्टरों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाना बेहद जरूरी है। लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। यदि अत्यंत आवश्यक हो, तभी बाहर निकलें और सिर को ढककर रखें।
प्रशासन की ओर से भी नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं और विशेष रूप से बच्चों व बुजुर्गों का ध्यान रखें।








