बरगी डैम हादसे के बाद सागर में अलर्ट: चकरा घाट पर पुलिस ने नाव चालकों को दिए निर्देश..
सागर। जबलपुर जिले के बरगी डैम में हाल ही में हुए क्रूज नाव हादसे के बाद सागर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी के तहत शनिवार दोपहर करीब 3 बजे कोतवाली थाना पुलिस ने चकराघाट पहुंचकर नाव चालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए।
थाना प्रभारी मनीष सिंघल पुलिस स्टाफ के साथ लाखा बंजारा झील किनारे पहुंचे और नाव संचालन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। नाव चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नाव में उसकी निर्धारित क्षमता से अधिक सैलानियों को बिल्कुल न बैठाया जाए, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। सभी सैलानियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है। बिना लाइफ जैकेट किसी भी व्यक्ति को नाव की सैर कराने पर रोक लगाई गई है। पुलिस ने निर्देश दिए कि तेज हवा, बारिश या खराब मौसम की स्थिति में नाव संचालन पूरी तरह बंद रखा जाए। चकरा घाट पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए लगातार पुलिस निगरानी रखने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन की यह पहल पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में किसी भी दुर्घटना को रोकने के उद्देश्य से की गई है।








