सागर : मंदिर से दानपेटी चोरी का आरोपी गिरफ्तार, रुपये बरामद
सागर/खुरई। शिवाजी चौक पठार स्थित प्रसिद्ध महामंगला महाकाली मंदिर में दानपेटी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने रविवार और सोमवार की दरमियानी रात मंदिर में घुसकर दानपेटी तोड़कर नकदी चुरा ली थी। पुलिस ने चोरी की गई रकम बरामद कर ली है। घटना के बाद थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी के नेतृत्व में टीम बनाई गई और जांच शुरू की गई। पुलिस ने शहर में लगे सरकारी और निजी मिलाकर 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक युवक संदिग्ध नजर आया। संदेह के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम सूरज पिता नारायण पटेल 19 निवासी टैगोर वार्ड बताया और चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चैत्र नवरात्रि के दौरान मंदिर में झालर लगाने आया था। उसी दौरान उसने दानपेटी में रखे पैसे देखकर चोरी की योजना बनाई। वारदात से एक दिन पहले भी उसने मंदिर के आसपास बैठकर रेकी की थी। आरोपी ने घटना वाले दिन दो बार चोरी की कोशिश की, लेकिन पुलिस वाहन आने से सफल नहीं हो पाया। तीसरी बार उसने जाली से अंदर घुसकर पहले सीसीटीवी का प्लग निकाला और लाइट बंद कर दी, ताकि किसी की नजर न पड़े। इसके बाद दानपेटी तोड़कर पैसे निकाल लिये। चोरी के बाद आरोपी ने रकम अपने घर के पास खड़ी एक कंडम कार की सीट के नीचे छिपा दी।
सोमवार सुबह उसने 2500 रुपये निकालकर अपने दो दोस्तों के साथ शराब पी। पुलिस ने कार से 38700 रुपये बरामद किये हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी एक चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका है, यह उसकी दूसरी वारदात है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी, सुरेंद्र सिंह, पदम सिंह, महिपाल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।








