सागर : युवक का शव मिलने पर भड़का गुस्सा, शराब दुकान में आगजनी, पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
सागर जिले के शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब बरेठा बाबा की घाटी के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिला। घटना की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने शाहपुर स्थित शराब दुकान में तोड़फोड़ कर आग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराई। बाद में शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार शाहपुर निवासी 38 वर्षीय नीरज प्रजापति शुक्रवार रात अपने साथी सूरज अहिरवार के साथ गढ़ाकोटा लाइट का सामान लेने निकले थे। आरोप है कि रास्ते में देर रात बोलेरो वाहन से पहुंचे 10 से 12 लोगों ने दोनों को रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने नीरज को इतनी बुरी तरह पीटा कि वह बेहोश हो गया, जबकि सूरज किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला।
शनिवार सुबह बरेठा बाबा की घाटी के पास सड़क किनारे नीरज का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने शराब दुकान के कर्मचारियों पर हत्या का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर धरना देकर जाम लगा दिया। इसी बीच भीड़ उग्र हो गई और शाहपुर की शराब दुकान में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी।
घायल सूरज अहिरवार ने बताया कि देर रात गढ़ाकोटा रोड पर बोलेरो सवार लोगों ने उन्हें रोककर पहले गाली-गलौज की और फिर दोनों पर हमला कर दिया। उसके मुताबिक नीरज को बेहोश होने तक पीटा गया। सूरज ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों में अंशुल, छोटू, भगवत और नीलेश सहित अन्य लोग शामिल थे।
मृतक की पत्नी वंदना प्रजापति ने बताया कि नीरज घर से लाइट का सामान लेने निकले थे और जल्द लौटने की बात कहकर गए थे। उनका मोबाइल फोन घर पर ही छूट गया था। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह पुलिस से सूचना मिली कि नीरज गंभीर हालत में मिले हैं। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो नीरज अर्धनग्न अवस्था में पड़े थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि शाहपुर क्षेत्र में एक युवक का शव मिला है, जिसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम कराया गया है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सागर : युवक का शव मिलने पर भड़का गुस्सा, शराब दुकान में आगजनी, पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
सागर : युवक का शव ...
[post_dates]

संपादक







