मालगाड़ी आने से पहले कार ने तोड़ा रेलवे गेट, लगा दो घंटे लंबा जाम, धूप में परेशान हुये लोग
खुरई। खिमलासा मार्ग स्थित रेलवे फाटक संख्या 6 पर एक कार ने गेट तोड़ दिया। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ मौके पर पहुंची और कार जब्त कर कार्यवाही शुरू की। इस घटना के कारण फाटक के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। जाम लगने से धूप में लोग परेशान होते रहे। यह घटना तब हुई जब एक मालगाड़ी आ रही थी और गेटमैन फाटक बंद कर रहा था। एक फाटक बंद हो चुका था और दूसरा बंद हो रहा था, तभी खिमलासा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार एमपी 15 बीए 2385 ने फाटक को टक्कर मार दी। टक्कर से रेलवे फाटक क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लगभग दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। फाटक की मरम्मत के बाद ही यातायात सामान्य हो सका। फाटक का बूम टूटने के कारण कई बाइक चालक जान जोखिम में डालकर फाटक के नीचे से या बगल से बने अस्थाई रास्ते से रेलवे पटरियां पार करते देखे गये। जाम में छोटे वाहनों से लेकर बड़े वाहन फंसे रहे, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।








