सागर : खुलासा ! पिता ने तीन साल की बेटी से रेप कर, गले में पहने धागे से की हत्या
सागर/बांदरी। थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन साल की बच्ची की हत्या का खुलासा पुलिस ने सोमवार को किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पिता ने पहले अपनी तीन साल की बेटी के साथ दुष्कर्म किया। जब बच्ची ने चिल्लाना शुरू किया, तो उसने उसके गले में पहने रेशम के धागे से ही उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार रात को आरोपी पिता बच्ची के शव को गोद में लेकर गांव में घूमता रहा। वह अपनी ससुराल भी गया और वहां बताया कि बच्ची की मौत हो गई है। करीब ढाई किलोमीटर तक शव को गोद में उठाकर चलने के बाद उसने शनिवार सुबह अपने घर के पास खेत की मेड़ पर बच्ची के शव को दफना दिया। पुलिस को बिना सूचना दिये शव दफनाने की जानकारी मिलने पर मामला संदिग्ध लगा। शनिवार दोपहर बांदरी नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पिता की निशानदेही पर दफनाये गये शव को बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिये मालथौन भेजा गया था। पुलिस ने संदेह के आधार पर बच्ची के पिता को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। जानकारी के मुताबिक पांच साल पहले गांव की ही एक पहले से शादीशुदा महिला से आरोपी की शादी हुई थी। करीब ढ़ाई साल पहले पत्नी अपने पति और दो बच्चों को छोड़कर दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई थी। आठ महीने के बच्चे की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। घर में सिर्फ बच्ची और उसका पिता ही रह रहे थे। खुरई एसडीओपी प्रवीण अष्ठाना ने बताया कि आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। आरोपी के लिये दुष्कर्म, हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।








