होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
On:

रॉन्ग साइड ट्रैक्टर ने ली युवक की जान, सड़क पर तड़पता रहा प्रियांश और लोग बने रहे तमाशबीन

रॉन्ग साइड ट्रैक्टर ने ली ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

रॉन्ग साइड ट्रैक्टर ने ली युवक की जान, सड़क पर तड़पता रहा प्रियांश और लोग बने रहे तमाशबीन

सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसे के बाद इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया। यहां रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक करीब आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। समय पर मदद नहीं मिलने के कारण युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसा रविवार रात करीब 9 बजे भोपाल रोड स्थित राजा ढाबा के सामने हुआ। मोतीनगर से लेहदरा की ओर जा रहे बाइक सवार प्रियांश विश्वकर्मा (26) को सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रियांश सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद युवक लंबे समय तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। यहां तक कि किसी ने डायल-112 तक को सूचना देना जरूरी नहीं समझा। मौके पर मौजूद लोग और आसपास के ढाबों पर बैठे लोग घायल युवक को देखते रहे, जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
इसी बीच किसी व्यक्ति ने फोन कर हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों तक पहुंचाई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में प्रियांश को निजी अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रैक्टर की फ्रंट लाइट और इंडिकेटर बंद थे। ट्रैक्टर चालक अचानक कट से मुड़ गया, जिससे सामने से आ रहे बाइक चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और बाइक सीधे ट्रैक्टर से जा टकराई।
सोमवार सुबह हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई। फुटेज में ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद मौके से भागता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान चालक ने वहां मौजूद एक व्यक्ति के साथ धक्का-मुक्की भी की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां सड़क की अधिकांश स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं। मोतीनगर चौराहे से बड़ी नदी तक सड़क किनारे लाइटें लगी हुई हैं, लेकिन ज्यादातर लाइट खराब होने के कारण सड़क पर अंधेरा रहता है। केवल नए बस स्टैंड के आसपास ही रोशनी दिखाई देती है।
हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रैक्टर चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह हादसा न केवल सड़क सुरक्षा व्यवस्था बल्कि समाज में बढ़ती संवेदनहीनता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। यदि समय रहते घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया जाता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All
error: RNVLive Content is protected !!