पीटीएस सागर में अराजपत्रित अधिकारियों हेतु आयोजित आपदा प्रबंधन कोर्स का समापन
सागर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) रवि कुमार गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक पीटीएस सागर श्रीमती लवली सोनी के मार्गदर्शन में अराजपत्रित अधिकारियों हेतु आयोजित दो दिवसीय आपदा प्रबंधन कोर्स आज संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन विभाग एसव्हीएन विश्वविद्यालय के श्री ए.के. सिंह और उनकी टीम ने आपदाओं के प्रकार, फायर सेफ्टी और बुनियादी प्रबंधन के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मकरोनिया के चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक दुबे द्वारा सीपीआर और जीवन रक्षक प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कोर्स के दूसरे दिन एसडीआरएफ की प्लाटून कमांडर समीक्षा श्रीधर एवं उनकी टीम ने संकट के समय घायलों को सुरक्षित निकालने की विभिन्न तकनीकों तात्कालिक स्ट्रेचर बनाने और जल आपदा के दौरान स्थानीय संसाधनों से तात्कालिक फ्लोटिंग डिवाइस तैयार करने का जीवंत प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण के अंत में निरीक्षक श्री अफरोज खांन द्वारा आभार व्यक्त किया गया. इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को किसी भी आपदा की स्थिति में प्रथम प्रत्युत्तरदाता के रूप में दक्ष बनाना और उनमें त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना रहा।








