वकील की गिरफ्तारी पर सागर में बवाल,SP ऑफिस पहुंचे अधिवक्ता ओर ओबीसी संगठन,FIR रद्द करने की मांग
सागर के शाहपुर में दो युवकों की हत्या के बाद हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान शराब दुकान में आगजनी के मामले में अधिवक्ता जगमोहन लोधी की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार दोपहर 12 बजे अधिवक्ता और ओबीसी वर्ग के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अधिवक्ता पर दर्ज एफआईआर रद्द करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार शाहपुर में शराब बेचने के संदेह में दो युवकों की हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान शराब दुकान में तोड़फोड़ और आगजनी हुई थी। पुलिस ने मामले में आग लगाने और अभद्रता करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी मामले में अधिवक्ता जगमोहन लोधी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही अधिवक्ता और लोधी समाज के लोग थाने पहुंच गए। गुरुवार सुबह अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित हुई, जिसमें एफआईआर रद्द करने की मांग की गई।
दोपहर करीब 12 बजे ओबीसी क्रांति सेना सहित बड़ी संख्या में ओबीसी वर्ग के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे। भीड़ को देखते हुए एसपी कार्यालय में बैरिकेडिंग की गई और लोगों को गेट पर ही रोक दिया गया। बाद में 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को अंदर भेजा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने एसपी अनुराग सुजानिया को ज्ञापन सौंपकर शाहपुर मामले में निर्दोष लोगों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। एसपी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








