डायल 112 पर गंभीर आरोप : शादी से लौट रहे गर्ल्स वेटर से अभद्रता ओर कर्मचारियों से मारपीट का वीडियो वायरल !!
सागर में कुछ पुलिसकर्मियों की हरकतों ने एक बार फिर पूरे पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। डायल 112 के स्टाफ पर कैटरिंग कर्मचारियों से मारपीट और गर्ल्स वेटर के साथ अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार-गुरुवार दरमियानी रात करीब 3:30 बजे भोपाल रोड स्थित होटल ग्रैंड पैलेस में शादी समारोह का काम खत्म कर कैटरिंग कर्मचारी अपने आपे वाहन से घर लौट रहे थे। वाहन में गर्ल्स वेटर भी मौजूद थीं। आरोप है कि रास्ते में डायल 112 के स्टाफ ने गर्ल्स वेटर पर अभद्र टिप्पणियां कीं। जब कैटरिंग कर्मचारियों ने विरोध किया और आगे बढ़ गए, तो चकराघाट कॉरिडोर के पास उनका वाहन रुकवाया गया।
पीड़ितों का आरोप है कि वहां डायल 112 के ड्राइवर और आरक्षक ने वाहन चालक के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गुरुवार दोपहर2 बजे कैटरिंग मालिक शैलेंद्र सोनी अपने साथियों के साथ मोती नगर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डायल 112 का स्टाफ नशे की हालत में था और उनकी वर्दी पर नेम प्लेट एवं बैज भी नहीं लगे थे। कर्मचारियों का कहना है कि पुलिसकर्मी लड़कियों को अपनी गाड़ी में बैठाने की बात कह रहे थे और मना करने पर विवाद एवं मारपीट की गई।
फिलहाल मोती नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।








