आंधी-तूफान और बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई मार्गो पर पेड गिरे मार्ग हुए बाधित, आम की फसल को भारी नुकसान
Report-vishal rajak
दमोह/तेंदूखेड़ा। शुक्रवार को एवं आसपास के क्षेत्रों में अचानक बदले मौसम ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सुबह से तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे मौसम में बदलाव शुरू हुआ। इसके बाद लगभग तीन बजे अचानक तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जो करीब 25 से 30 मिनट तक जारी रही। तेज हवाओं के कारण क्षेत्र में कई पेड़ धराशायी हो गए, जिससे अनेक मार्गों पर आवागमन बाधित रहा। जानकारी के अनुसार तेजगढ़ से तेंदूखेड़ा आने वाली 33 केवी विद्युत लाइन के इंसुलेटर में आंधी-तूफान के कारण खराबी आ गई, जिससे दोपहर तीन बजे से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बाधित हो गई।

विद्युत विभाग के लाइनमैनों द्वारा शाम लगभग सात बजे तक बिजली बहाल किए जाने की संभावना जताई गई। बिजली बंद रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। तेज आंधी के चलते तेंदूखेड़ा-पाटन मार्ग पर नरगुँवा के पास सड़क किनारे खड़ा एक सूखा पेड़ अचानक गिर गया, जिससे लगभग आधे घंटे तक मार्ग अवरुद्ध रहा और जाम जैसे हालात बन गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मिलकर पेड़ हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। वहीं झलौन, तारादेही, समनापुर, तेजगढ़ और सर्रा क्षेत्रों में भी तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। तारादेही क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ों को हटाकर मार्ग बहाल कराया गया। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई।

दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं ने कई घरों की टीन एवं छप्पर उड़ा दिए। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर गिर पड़े। लगभग 20 से 25 मिनट तक हुई रिमझिम बारिश से नगर की सड़कें पानी से तरबतर हो गईं। हालांकि बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। इधर, लगातार आंधी-तूफान के चलते क्षेत्र की आम की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। तेज हवाओं के कारण पेड़ों से कच्चे और पके आम समय से पहले ही गिर गए। किसानों का कहना है कि इस बार लगातार बदलते मौसम और कई बार आए तूफानों से आम की फसल को व्यापक क्षति पहुंची है। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा मार्गों से गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात सामान्य करने का कार्य लगातार जारी है।








