नया बाजार में पान मसाला दुकान पर फिर चोरी, 20 दिन में दूसरी वारदात,डेढ़ लाख का सामान लेकर फरार हुए चोर
सागर शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच नया बाजार स्थित एक पान मसाला दुकान को चोरों ने 20 दिनों के भीतर दूसरी बार निशाना बनाया है। देर रात अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत का पान मसाला व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, नया बाजार स्थित कार्तिक पान मसाला दुकान में देर रात चोर पहुंचे और पहले दुकान के शटर का ताला तोड़ा। इसके बाद चोर अंदर घुसे और दुकान में रखा महंगा पान मसाला व अन्य सामान समेटकर ले गए। चोरी के दौरान आरोपियों ने अपने चेहरे तौलिये से ढंक रखे थे, जिससे उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी।
दुकान संचालक दीपक वाधवानी ने दोपहर 2:00 बजे जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले 27 अप्रैल को भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी। उस समय दुकान के कैमरे बंद थे, घटना की शिकायत कोतवाली थाने में की गई थी, लेकिन अब तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका और न ही चोर पकड़े गए।
उन्होंने बताया कि दूसरी घटना के बाद इस बार सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सामने आई है। फुटेज में चोर पूरी वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। हालांकि आरोपियों ने अपने चेहरे ढंके होने के कारण पहचान छिपाने की कोशिश की है। जिस तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे प्रतीत होता है कि चोरों ने पहले दुकान की रेकी की थी। लगातार दूसरी बार एक ही दुकान में चोरी होने से क्षेत्र के दुकानदार में दहशत का माहौल है।
घटना के बाद दुकान संचालक ने एक बार फिर कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं व्यापारियों ने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।








