सागर : चलते ट्रक में लगी भीषण आग, हाईवे पर मची अफरा-तफरी,फिर शुरू हुई आम लूटने की होड़
सागर। नेशनल हाईवे पर मालथौन टोल प्लाजा से महज एक हजार मीटर की दूरी पर एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लगने की घटना से बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। सागर-ललितपुर हाइवे पर दौड़ते ट्रक में आग की लपटें उठते देख रहवासी बस्ती के लोगो की नजर पड़ी उन्होंने चिल्लाकर एवं गुजर रहे अन्य वाहन चालक ने ट्रक के चालक को बताया कि केबिन के ऊपर आग लगी हुई है, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुये चलती गाड़ी को किनारे खड़ाकर कूदकर अपनी जान बचाई। यह ट्रक क्रमांक आर जे 11 जीसी 5463 तिरुपति से आम लोड करके दिल्ली की तरफ जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद मालथौन और बरोदिया कलां की फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस बीच आग में झुलसकर खराब हो चुके और बचे हुये आमों को लूटने के लिये राहगीरों और स्थानीय लोगों में होड़ मच गई। लोगों ने मौके पर जमकर आम लूटे। ट्रक में आम की क्रेरिटो से लदा हुआ था, अंदर आग फैल गई दमकल कर्मियों मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं हो पा रहा था। टोल प्लाजा की जेसीबी मशीन बुलाया गया मौके पर पहुंची। इसके बाद जेसीबी की मदद से ट्रक की बॉडी का हिस्सा तोड़ा गया और अंदर रखी आम की कैरेट को बाहर निकाला गया, तब कहीं जाकर ट्रक के भीतर सुलग रही आग पूरी तरह शांत हो सकी। इस हादसे के कारण कुछ समय के लिये हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। इस दौरान टोल प्लाज की कार्यप्रणाली व्यवस्था पर भी सवाल उठे। जिस पर घटना प्रबंधक ने बताया कि प्रातः लगभग 6 बजे स्थानीय व्यक्ति द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि सागर से ललितपुर की ओर जा रहे ट्रक में थाना के पास हाईवे पर आग लग गई है। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस एवं रूट पेट्रोलिंग टीम को तत्काल घटनास्थल के लिये रवाना किया गया। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया गया तथा तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। साथ ही रेस्क्यू एवं ट्रैफिक प्रबंधन हेतु हाइड्रा मशीन को भी मौके पर भेजा गया। आग ट्रक में लोड माल तक फैल चुकी थी, जिससे आग तेजी से बढ़ रही थी। आग पर नियंत्रण पाने के लिये जेसीबी मशीन को भेजा गया। मशीन की सहायता से ट्रक में लोड माल को बाहर निकाला गया, जिसके बाद दोनों फायर ब्रिगेड टीमों द्वारा संयुक्त रूप से आग पर सफलतापूर्वक काबू पाया गया। आग बुझने के पश्चात हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को हाईवे से सुरक्षित रूप से साइड में किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था पुनः सामान्य किया गया। कार्यालय परिसर सभी टोल बूथों एवं परियोजना के सभी वाहनों में अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से एबीसी, सीओ 2 प्रकार के फायर एक्सटिंगुइशर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराये गये हैं, ताकि किसी भी आपातकालीन अग्नि घटना की स्थिति में तत्काल नियंत्रण किया जा सके। हमारे पास कोई भी बड़ा फायर बिग्रेड वाहन उपलब्ध नहीं हैं।








