MP : दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार किशोर डूबे अब तक दो शव मिले, दो की तलाश जारी
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में बुधवार को हुए दो अलग-अलग जल हादसों ने इलाके में शोक का माहौल बना दिया। जिले के चौरई और जुन्नारदेव थाना क्षेत्रों में चार किशोर पानी में डूब गए। प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। अब तक दोनों घटनाओं में एक-एक किशोर का शव बरामद किया जा चुका है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पहला हादसा चौरई थाना क्षेत्र के बेलखेड़ा स्थित घोघरा वॉटरफॉल में हुआ। यहां घूमने पहुंचे दो किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। पुलिस के मुताबिक, डूबने वाले किशोरों की पहचान छिंदवाड़ा निवासी 14 वर्षीय गौरव डेहरिया और 17 वर्षीय विनायक गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपनी बहनों के साथ वॉटरफॉल घूमने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर पानी के किनारे मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और वे गहरे पानी में पहुंच गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही चौरई पुलिस, प्रशासनिक अमला और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और तलाश अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक किशोर का शव बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे की खोज जारी है।
दूसरी घटना जुन्नारदेव थाना क्षेत्र की चौकी अंतर्गत ग्राम कोठीदेव के पास 11/12 नंबर ओपनकास्ट खदान स्थित तालाब में हुई। यहां 7 से 8 युवकों का समूह जन्मदिन मनाने पहुंचा था। पार्टी के दौरान कुछ युवक तालाब में नहाने उतर गए। इसी दौरान करीब 16 और 17 वर्ष के दो किशोर गहरे पानी में समा गए।
घटना की जानकारी मिलते ही जुन्नारदेव थाना प्रभारी जे. मसराम, उप थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे और चौकी प्रभारी अंजना मरावी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तालाब में पानी अधिक गहरा होने और रात होने की वजह से बुधवार शाम को रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई, जिसके दौरान एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया। दूसरे किशोर की तलाश अभी भी जारी है।
इन दोनों दर्दनाक घटनाओं के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।








