तेंदूखेड़ा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 14 में बदहाल सड़क, अंधेरा और गंदगी से जनता परेशान
तेंदूखेड़ा। नगर परिषद अंतर्गत कुल 15 वार्ड आते हैं, जिनमें से 12 वार्ड नगर क्षेत्र में तथा 3 वार्ड लगभग 1 किलोमीटर दूर चौरई ग्राम में स्थित हैं। इन बाहरी वार्डों के नागरिक वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी का सामना कर रहे हैं। पानी, बिजली, सड़क और सफाई जैसी आवश्यक सुविधाओं के अभाव में लोगों में नगर परिषद के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 14 की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। यहां की सड़कें इतनी जर्जर हो चुकी हैं कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क को बने हुए लगभग 10 वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उसका कोई सुधार कार्य नहीं कराया गया है। बीती रात एक महिला इसी खराब सड़क से गुजरते समय गिरकर घायल हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें सड़क की वास्तविक स्थिति साफ दिखाई दे रही है। इसके बावजूद नगर परिषद और संबंधित जनप्रतिनिधियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड में स्ट्रीट लाइटें भी ठीक से कार्य नहीं कर रही हैं। पूरी रात सड़कों पर अंधेरा पसरा रहता है, जिससे दुर्घटना और असुरक्षा का खतरा बना रहता है। वहीं दूसरी ओर, महीनों से सड़क और नालियों की सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण गंदगी और बदबू से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन पर अब तक 50 से अधिक शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन प्रशासन और नगर परिषद द्वारा केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। किसी भी शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में निराशा और नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। वार्डवासियों ने मांग की है कि नगर परिषद जल्द से जल्द सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट सुधार और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें और उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके।








