सुरक्षा उपकरणों के बिना काम करने को मजबूर सफाईकर्मी, स्वास्थ्य से हो रहा खिलवाड़
तेंदूखेड़ा। मानसून पूर्व नगर में चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। नगर परिषद के सफाईकर्मी नालियों, नालों और कचरा स्थलों की सफाई बिना आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के कर रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। संक्रमण और दुर्घटना की आशंका के बावजूद कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा सामग्री उपलब्ध नहीं होने के आरोप लग रहे हैं।
नगर में इन दिनों बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए नालियों और नालों की विशेष सफाई कराई जा रही है। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी सुबह से लेकर देर शाम तक गंदगी, सड़े-गले कचरे और दूषित पानी के बीच काम कर रहे हैं। बावजूद इसके अधिकांश कर्मचारियों के हाथों में दस्ताने, चेहरे पर मास्क, पैरों में सुरक्षा जूते और सिर पर सुरक्षा टोपी दिखाई नहीं देती। ऐसे में उन्हें संक्रमण के साथ-साथ कांच, लोहे अथवा अन्य खतरनाक वस्तुओं से चोट लगने का खतरा बना रहता है।

सफाई कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उन्हें आवश्यक सुरक्षा सामग्री नियमित रूप से उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर एक कर्मचारी ने बताया कि कई बार मांग करने के बावजूद उन्हें बिना सुरक्षा साधनों के ही कार्य पर भेज दिया जाता है। मिट्टी, गंदे पानी और कचरे के सीधे संपर्क में आने से त्वचा रोग, पेट संबंधी संक्रमण तथा अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने भी सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नालियों और नालों से निकाली गई गंदगी को कई बार सड़क किनारे ही छोड़ दिया जाता है, जिससे आसपास दुर्गंध फैलती है। मुख्य मार्गों पर पड़े मलबे के कारण आवागमन प्रभावित होता है और वाहन चालकों के फिसलने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी इस स्थिति को चिंताजनक बताया है। चिकित्सक डॉ. के.एस. ठाकुर के अनुसार बिना सुरक्षा उपकरणों के कचरा उठाने और गंदगी के संपर्क में रहने से त्वचा, श्वसन और जठरांत्र संक्रमणों का खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों के लिए पीपीई किट, ग्लव्स, मास्क और वाटरप्रूफ जूते अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
इस संबंध में नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रेम सिंह चौहान ने बताया कि सभी सफाई कर्मचारियों को पहले ही सुरक्षा किट उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई कर्मचारी सुरक्षा उपकरणों का उपयोग नहीं कर रहा है तो इसकी जांच कर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे तथा कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।








