Sagar crime news : रिश्तों पर भारी पड़ा संपत्ति विवाद: ममेरे भाइयों के हमले में युवक की मौत, सागर में सनसनी
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के रविशंकर वार्ड में मंगलवार शाम पारिवारिक संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि ममेरे भाइयों ने अपने रिश्तेदार अतुल जड़िया (40) पर लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अतुल की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामले में 3 से 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रविशंकर वार्ड निवासी अतुल जड़िया मंगलवार शाम करीब 5 बजे अपने घर के पास मौजूद था। इसी दौरान पारिवारिक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि उसके ममेरे भाइयों ने उस पर लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अतुल के साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना होते ही आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी धमकाकर दूर रहने को कहा। सूचना मिलने पर मोतीनगर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल अतुल को इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा। हालांकि डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया भी मोतीनगर थाने पहुंचे तथा अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने 3 से 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।








