नगर में धड़ल्ले से बिक रहा एक्सपायरी खाद्य सामग्री का सामान, स्वास्थ्य से हो रहा खिलवाड़
एसडीएम ने कहा कि मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण मंगलवार को हुआ ,अब किराना दुकानों का होगा निरीक्षण एक्सपायरी सामग्री मिलने पर होगी कार्रवाई
रिपोर्ट – विशाल रजक
तेंदूखेड़ा। तेंदूखेड़ा नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों एक्सपायरी डेट का खाद्य सामग्री का सामान खुलेआम बेचा जा रहा है। नगर में प्रत्येक मंगलवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जिसमें ग्रामीण अंचलों से हजारों लोग घरेलू उपयोग का सामान खरीदने आते हैं। वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन भी चल रहा है, जिसके चलते खाद्य सामग्री की मांग बढ़ी हुई है। इसी का लाभ उठाकर कुछ किराना व्यापारी एक्सपायरी डेट वाले उत्पादों की बिक्री कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार नगर की कई किराना दुकानों पर गरम मसाला, नमकीन, बिस्कुट, सोनपापड़ी, पेय पदार्थ सहित अन्य खाद्य सामग्री एक्सपायरी होने के बावजूद ग्राहकों को बेची जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अनेक उपभोक्ता अशिक्षित या कम पढ़े-लिखे होने के कारण उत्पादों पर अंकित निर्माण एवं समाप्ति तिथि की जांच नहीं कर पाते हैं। कई बार शिक्षित लोग भी जल्दबाजी में बिना एक्सपायरी डेट देखे सामान खरीद लेते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एक्सपायरी खाद्य सामग्री के सेवन से फूड पॉइजनिंग, पेट संबंधी बीमारियां, एलर्जी तथा अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसके बावजूद कुछ व्यापारियों द्वारा केवल आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से ऐसे उत्पादों की बिक्री जारी रखी जा रही है। उन्हें उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा की कोई चिंता नहीं दिखाई देती। नगरवासियों नगरवासी महाराज सिंह, प्रहलाद, रामकुमार का आरोप है कि दमोह जिले से खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षक समय-समय पर तेंदूखेड़ा आते तो हैं, लेकिन किसी कारणवश प्रभावी कार्रवाई नहीं करते। लोगों का कहना है कि यदि नियमित जांच अभियान चलाकर दोषी व्यापारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए तो इस समस्या पर अंकुश लगाया जा सकता है। कार्रवाई के अभाव में संबंधित व्यापारियों के हौसले बुलंद हैं और वे बिना किसी भय के एक्सपायरी सामग्री बेच रहे हैं। नगर के जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन, खाद्य सुरक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि तेंदूखेड़ा नगर में विशेष जांच अभियान चलाया जाए, दुकानों का निरीक्षण कर एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त की जाए तथा दोषी व्यापारियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोका जा सके।

इनका कहना-– एसडीएम सीजी गोस्वामी ने कहा कि मंगलवार को नगर के 11 मेडिकल स्टोरो की जांच करवाई गई है उसमें 6 दुकानों में खामियां मिली है कुछ प्रतिबंधित दवाएं भी पाई गई हैं जिस पर कार्रवाई की जा रही है किराना दुकानों के संबंध में एक्सपायरी डेट का सामान के संबंध में मामला मेरे संज्ञान में आया है शीघ्र ही नगर की किराना दुकानों का निरीक्षण किया जाएगा और खाद सामग्री यदि एक्सपायरी पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी








