सागर : सीएमओ निवास के पास दो साल से खुदी पड़ी है सड़क, स्कूली बच्चे और राहगीर परेशान
सागर/मालथौन। नगर परिषद के मुख्य नपा अधिकारी निवास और बीआरसी कार्यालय से महज कुछ कदमों की दूरी पर पिछले दो वर्षों से मुख्य सड़क खुदी पड़ी है। इस लापरवाही के कारण रोजाना यहां से गुजरने वाले सैकड़ों स्कूली बच्चे और स्थानीय रहवासी परेशानी उठा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब दो साल पहले जल प्रदाय योजना के तहत इस मार्ग पर पाइप लाइन बिछाने के लिये सड़क की खुदाई की गई थी। नियमानुसार लाइन डालने के तुरंत बाद सड़क का मरम्मत कार्य किया जाना था। लेकिन जिम्मेदार और ठेकेदार लाइन डालकर सड़क को उसी हाल में छोड़ गये। दो साल बीत जाने के बाद भी आज तक इस और सड़क की सुध नही ली गई है। सड़क की मरम्मत न होने के कारण वर्तमान में यहां गहरे गड्ढे हो गये हैं, जिनमें बारिश का पानी भरा हुआ है। यह मार्ग निजी स्कूली बच्चों के आवागमन का मुख्य रास्ता है। कीचड़ और गड्ढों के कारण आये दिन बच्चे यहां फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे वे चोटिल हो रहे हैं और उनकी स्कूल ड्रेस खराब हो रही है। स्थानीय रहवासियों का पैदल निकलना दूभर हो गया है। चौंकाने वाली बात यह है की नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी निवास करते है उनके पास की सड़क की हालत खराब है नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा हैं, सड़के खुदी पड़ी हुई हैं। यह दुर्दशा, व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय नागरिकों प्रशासन से मांग की है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये इस सड़क का तुरंत रेस्टोरेशन कार्य कराया जाये, ताकि लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके।








