1000 की जगह अब 5000 हजार आ रहा बिजली बिल,लोग बोले स्मार्ट मीटर से बिल बढ़े, कंपनी के कार्यालय शिकायत करने पहुंचे.
सागर/खुरई। शहर में जब से पुराने बिजली मीटरों को हटाकर नये स्मार्ट मीटर लगाये गये हैं, तब से उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसे लेकर जनता में काफी गुस्सा है। सोमवार शाम को गांधी वार्ड के कई निवासी बढ़े हुये बिलों की शिकायत लेकर बिजली कंपनी के दफ्तर पहुंचे, लेकिन वहां कोई अधिकारी न मिलने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। वार्ड के रहने वाले अशोक पटेल और जितेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि पहले उनका बिजली बिल हर महीने 1000 से 1500 रुपये के बीच आता था। मगर स्मार्ट मीटर लगने के बाद से यह सीधे बढ़कर 5000 से 6000 रुपये तक पहुंच गया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि ये नये मीटर बहुत तेज चल रहे हैं और ज्यादा रीडिंग दिखा रहे हैं। जानकारों और तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार स्मार्ट मीटरों की रीडिंग बढ़ने के पीछे कुछ मुख्य कारण हैं। स्मार्ट मीटर पुराने मीटरों के मुकाबले काफी आधुनिक और एडवांस हैं। ये मोबाइल चार्जर जैसी छोटी चीजों द्वारा खींचे जाने वाले हल्के करंट को भी तुरंत पकड़ सेंस कर लेते हैं और उसकी भी रीडिंग जोड़ देते हैं। ये मीटर हर समय हो रही बिजली की खपत को तुरंत दर्ज करते हैं, जिससे पुराने मीटरों की तुलना में इनकी काउंटिंग क्षमता ज्यादा दिखती है। पुराने मीटरों में लोग कई बार कुछ गड़बड़ी या छेड़छाड़ कर लेते थे, लेकिन स्मार्ट मीटर में ऐसा करना मुमकिन नहीं है। इसलिये इसमें जितनी बिजली खर्च होती है, उतनी पूरी दर्ज होती है।








