सागर के चर्चित गोलीकांड में बड़ी गिरफ्तारी! 8 साल बाद चाचा ससुर पुलिस के हत्थे चढ़ा
सागर। वर्ष 2018 के चर्चित गोलीकांड मामले में मोतीनगर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शिवभानु सिंह ठाकुर को मंगलवार को गिरफ्तार कर दोपहर 3 बजे न्यायालय में पेश किया है । आरोपी फरियादी दुष्यंत सिंह बुंदेला का चाचा ससुर है। मामले की जानकारी थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने दी।
पुलिस के अनुसार 16 नवंबर 2018 को पगारा रोड स्थित खेत पर दुष्यंत सिंह बुंदेला पर गोली चलाकर जानलेवा हमला किया गया था। दुष्यंत ने अपने बयान में चाचा ससुर शिवभानु सिंह ठाकुर, ससुर अशोक सिंह ठाकुर, शिवम सिंह ठाकुर और राहुल सिंह उर्फ सिद्धेश्वर सिंह ठाकुर पर हमला करने का आरोप लगाया था।
पुलिस जांच में सामने आया था कि दुष्यंत सिंह की पत्नी आकांक्षा उर्फ सृष्टि ठाकुर की अगस्त 2018 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में दुष्यंत और उसके पिता पर दहेज प्रताड़ना का प्रकरण दर्ज होने के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच गोलीकांड की घटना हुई थी।
मोतीनगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया था। मामले के चारों आरोपी फरार थे। मंगलवार को पुलिस ने शिवभानु सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।








