सागर पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन: 32 थानों में एक साथ छापेमारी, 10 साल पुराने फरार वारंटी गिरफ्तार
सागर। जिले में अपराध नियंत्रण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों के त्वरित निष्पादन एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में 18 एवं 19 जुलाई की मध्यरात्रि जिले भर में एकीकृत कॉम्बिंग गश्त का व्यापक अभियान संचालित किया गया। यह विशेष अभियान अति. पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षकों सीएसपी एवं समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों एसडीओपी के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के सभी 32 थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक साथ कार्यवाही करते हुये फरार अपराधियों, स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों, निगरानी बदमाशों, गुण्डा तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर वर्षों से फरार आरोपियों की तलाश की। इस दौरान 10 वर्ष से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली, जो सागर पुलिस की सतत एवं योजनाबद्ध कार्यवाही का परिणाम है। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा 78 स्थायी वारंट, 49 गिरफ्तारी वारंट एवं 29 जमानती वारंट तामील किये गये। इसके अतिरिक्त धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत 12 प्रकरणों में वैधानिक कार्यवाही की गई। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्यवाही करते हुए प्रकरण दर्ज किये गये। इस एकीकृत कॉम्बिंग गश्त में जिले के लगभग 500 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुये। अभियान के दौरान 86 गुण्डा एवं हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की सघन चेकिंग एवं सत्यापन किया गया। जिलेभर में कुल 270 वैधानिक कार्यवाहियां करते हुए अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की गई। रात्रिकालीन अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थलों, सुनसान इलाकों एवं अपराध संभावित स्थानों पर सघन भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की। निगरानीशुदा बदमाशों का सत्यापन कर उन्हें कानून का पालन करने की सख्त हिदायत दी। पुलिस की इस व्यापक कार्यवाही से अपराधियों में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण और अधिक मजबूत हुआ।








