बंद स्टोर रूम में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में मचा हड़कंप
वार्ड में फैली दुर्गंध से हुआ खुलासा, मृतक की पहचान नहीं; हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अस्थि रोग वार्ड क्रमांक 14 के स्टोर रूम से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 14 में भर्ती मरीजों को काफी देर से तेज दुर्गंध महसूस हो रही थी। इसकी जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दी गई। सूचना मिलने के बाद अस्पताल का स्टाफ मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। पड़ताल के दौरान पता चला कि बदबू वार्ड के भीतर बने बंद स्टोर रूम से आ रही है। स्थिति संदिग्ध लगने पर तत्काल गोपालगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्टोर रूम का दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे में एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा मिला, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। पुलिस का अनुमान है कि शव करीब दो दिन पुराना हो सकता है। इसके बाद मौके की औपचारिक कार्रवाई पूरी कर शव का पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक अस्पताल में भर्ती कोई मरीज था या फिर किसी मरीज के साथ आया परिजन। उन्होंने बताया कि स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला था। मामले में प्रकरण दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
वहीं, बीएमसी अधीक्षक डॉ. राजेश जैन ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बंद स्टोर रूम में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में मचा हड़कंप
बंद स्टोर रूम में मिला ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







