राहुल गांधी की गिरफ्तारी पर भड़की कांग्रेस, सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, केंद्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी
सागर। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित गिरफ्तारी के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस कार्यालय से कोतवाली तक विरोध रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुये नगर पुलिस अधीक्षक के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का प्रतीकात्मक पुतला भी दहन किया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को छात्रों से जुड़े मुद्दों और अन्य जनहित विषयों पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के दौरान गिरफ्तार किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है तथा नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और अन्य जनहित के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है। देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है और जनता की आवाज उठाने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिये संघर्ष जारी रखेगी। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुये लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा और विपक्ष की आवाज को सम्मान देने की मांग की। संचालन एवं आभार संगठन महामंत्री रामकुमार पचौरी ने व्यक्त किया। प्रदर्शन में पूर्व विधायक सुनील जैन, मुकुल पुरोहित, बाबू सिंह यादव, सिंटू कटारे, पुरुषोत्तम चौबे, आशीष ज्योतिषी, अक्षत कोठारी, कमलेश तिवारी, दीनदयाल तिवारी, राहुल चौबे, रमाकांत यादव, पप्पू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








