अज्ञात वाहन ने तीन गायों को कुचला, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
सागर/सीहोरा। भोपाल-सागर मार्ग पर सीहोरा सेंट्रल बैंक के पास 31 जुलाई की देर रात करीब 2.30 बजे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने तीन गायों को कुचल दिया। हादसे में तीनों गायों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन समय पर कार्यवाही नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुये और मृत गायों को सड़क पर रखकर भोपाल-सागर राजमार्ग पर चक्काजाम एवं अनशन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि गांव के मुख्य मार्ग पर गति अवरोधक बनाये जायें, जिससे वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके, साथ ही आवारा पशुओं को प्रशासन द्वारा गौशालाओं में भेजने और दुर्घटना के जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। चक्काजाम की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद नायब तहसीलदार एवं राहतगढ़ थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। इसके बाद सीहोरा पुलिस चौकी में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध क्र. 378 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। सीहोरा चौकी प्रभारी अभिजीत पटेल ने बताया कि मार्ग पर लगे वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वाहन की पहचान के लिये जांच की जा रही है और जल्द ही वाहन को जब्त करने की कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये आवश्यक कदम भी उठाये जा रहे हैं। चक्काजाम एवं अनशन के दौरान जितेंद्र राय, कल्याण सिंह, बिट्टू यादव, पुष्पेंद्र सिंह, देवी सिंह ठाकुर, दीपक जैन, गोवर्धन लोधी, कमलेश अहिरवार, कल्लू भाई जान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








