राजा बाबा जंगल में पुलिस पर पथराव के मामले में 5 आरोपी चिन्हित, गिरफ्तारी के लिए देवरी पुलिस की लगातार दबिश
कीमती पत्थर और आभूषण मिलने की अफवाह के बाद उमड़ी थी हजारों लोगों की भीड़, पुलिस कार्रवाई के दौरान हुआ था हमला
सागर। देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगपुर गंजन स्थित राजा बाबा जंगल में पुलिस टीम पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों की पहचान कर ली है। पहचान होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के राजा बाबा जंगल में कीमती पत्थर और आभूषण मिलने की अफवाह फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग वहां खुदाई करने पहुंच गए थे। देखते ही देखते जंगल में हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग ने पुलिस को हालात से अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को वहां से हटाने की कार्रवाई शुरू की।
इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए पथराव कर दिया। इस हमले में पुलिस वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक प्रधान आरक्षक घायल हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान करने के लिए साक्ष्य जुटाए।
जांच के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ बलवा, शासकीय कार्य में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
देवरी थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि इस मामले में शब्बीर ग्वालिया, कल्लू, गुड्डू, डब्बू निवासी कंकन टोला तथा अन्नू ग्वालिया निवासी देवरी सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








