शाहगढ़ नगर परिषद में हाई वोल्टेज ड्रामा ! PM आवास को लेकर भिड़ीं महिलाएं, थाने पहुंचा मामला
सागर/शाहगढ़। नगर परिषद शाहगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने को लेकर मंगलवार को विवाद की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार भगत सिंह वार्ड की चार महिलायें दोपहर में नगर परिषद कार्यालय पहुंचीं और सीएमओ विनय मिश्रा से आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की बात कही। सीएमओ ने महिलाओं से योजना का लाभ लेने के लिये भूमि संबंधी दस्तावेज जैसे पट्टा, रजिस्ट्री और बैनामा आदि प्रस्तुत करने की बात कही। इस पर महिलायें नाराज हो गई और बातचीत के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। सीएमओ ने कार्यालय के बाहर मौजूद महिला सफाईकर्मियों से महिलाओं को बाहर ले जाने के लिये कहा। इसी दौरान नगर परिषद परिसर में दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच कहा सुनी बढ़ गई और मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की महिलाओं को मामूली चोट आने की जानकारी सामने आई है। नगर परिषद अधिकारियों का आरोप है कि विवाद के दौरान एक महिला ने सीएमओ के साथ अभद्र व्यवहार किया और चप्पल लेकर मारने का प्रयास किया। वहां मौजूद महिला कर्मचारियों ने बीच बचाव कर स्थिति को संभाला। घटना के सीसीटीवी फुटेज को भी शिकायत के साथ पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। घटना के बाद दोनों पक्ष शाहगढ़ थाने पहुंचे और अपनी-अपनी शिकायत दर्ज कराई। सीएमओ पक्ष ने नगर परिषद में हुई घटना और अभद्रता को लेकर आवेदन दिया, जबकि दूसरी ओर महिलाओं ने खुद को पीएम आवास योजना के लिये पात्र बताते हुये लाभ से वंचित करने और मारपीट का आरोप लगाते हुये शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








