सागर : 10 मिनट में 200 फीट कॉपर केबल चुराई,कार से आये बदमाश सीसीटीवी में दिखे
सागर/खुरई। शहर में चोरों के हौसले बुलंद दिख रहे हैं। पिछले 48 घंटे में चोरी की यह दूसरी बड़ी वारदात सामने आई है। बायपास रोड स्थित मॉडल स्कूल के पास मनीष कृषि यंत्र के वेल्डिंग प्लांट में शनिवार रात तीन चोरों ने फेंसिंग काटकर लगभग 200 फीट कॉपर केबल चुरा ली। चोरी की गई केबल की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है। यह पूरी वारदात महज 10 मिनट में अंजाम दी गई, जिसमें चोरों ने प्लांट की फेंसिंग काटने से लेकर केबल निकालकर ले जाने तक का काम किया। पूरी घटना प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। चोर एक कार से मौके पर पहुंचे थे। घटना के समय प्लांट के अंदर तीन कर्मचारी सो रहे थे। चोरों ने बाहर लगी फेंसिंग की जाली काटी, अंदर घुसे और वेल्डिंग प्लांट में लगी कॉपर केबल काटकर ले गये। प्लांट के कर्मचारी टीकाराम अहिरवार ने बताया कि रात में प्लांट का एक शटर खोलकर कर्मचारी अंदर सोते हैं। रविवार शाम पीड़ित ने खुरई शहरी थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई। इससे 48 घंटे पहले भी शहर में एक बड़ी चोरी हुई थी। खुरई के पठारी रोड स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में रहने वाले इलेक्टि्रकल व्याख्याता दीपक कुमार गुप्ता के सूने घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात चुरा लिये थे। दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि वे अपने गांव गये हुये थे, जबकि उनकी पत्नी और बेटी कोटा राजस्थान में रह रही हैं। उनकी बेटी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। चोरों ने घर पर किसी के मौजूद न होने का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया था।








