ऑल्टो की डिग्गी में छिपाकर ले जा रहे थे 72 लीटर अवैध शराब, पुलिस ने पकड़ा
सागर/बंडा। अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्यवाही करते हुये बंडा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम भड़राना-खाहरमऊ रोड से एक बिना नंबर की सिल्वर रंग की ऑल्टो कार को पकड़कर 72 लीटर अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब और वाहन सहित करीब 70 हजार रुपये का माल जब्त कर एक 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 8-9 अगस्त की दरम्यानी रात टीम रात्रि गश्त पर थी। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर संदिग्ध ऑल्टो कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी में सात कार्टून और सीट पर एक कार्टून मिला। जांच में कार्टूनों से डीसीआर सागर गोल्ड ग्रेन व्हिस्की कंपनी की कुल 400 पाव यानी 72 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार है। पुलिस ने करीब 30 हजार कीमत की कार भी जब्त की है। मौके से यश सिंह पिता सुनील लोधी 22 निवासी वार्ड नंबर 10, बंडा को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्र. 587/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस शराब के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के साथ संभावित अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अति. पुलिस अधीक्षक जयदीप सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी बंडा प्रदीप बाल्मीकि के निर्देशन में की गई। कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कुशवाह, एमएल धुर्वे, निकुंज कनौजिया, रोहित, प्रहलाद, छोटेलाल की भूमिका रही।








