एक माह में उखड़ गई सागर-अटाकर्नेलगढ़ फोरलेन! गड्ढों में तब्दील सड़क, फिर भी जारी है टोल वसूली
बारिश में गड्ढों में भर रहा पानी, वाहन चालक बोले- टोल पूरा लेते हैं तो सड़क भी सुरक्षित दें
सागर/मालथौन। सागर से अटाकर्नेलगढ़ के बीच फोरलेन सड़क की हालत को लेकर वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। करीब एक माह पहले बनी सड़क पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई देने लगे हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है।
गहरे गड्ढों से गुजरते समय वाहनों को तेज झटके लग रहे हैं। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है और वाहनों के कल-पुर्जों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी हुई है। कई जगह स्थिति ऐसी है कि एक गड्ढे से बचने के प्रयास में वाहन चालक दूसरे गड्ढे की चपेट में आ जाते हैं। लगातार खराब सड़क पर सफर करने से यात्रियों को शारीरिक परेशानी होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
सड़क की स्थिति को लेकर लगातार शिकायतें मिलने के बाद संबंधित कंपनी ने फिलहाल गड्ढों की मरम्मत और उन्हें भरने का काम शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सागर-अटाकर्नेलगढ़ मार्ग के कई हिस्सों में छोटे-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। बड़े गड्ढों के कारण वाहनों को सुरक्षित तरीके से निकालना चुनौती बन रहा है।
टोल देकर भी गड्ढों से गुजरने की मजबूरी
फोरलेन की खराब हालत के बीच टोल वसूली जारी रहने पर वाहन चालक सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि टोल टैक्स इसलिए दिया जाता है ताकि बेहतर सड़क और सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिले, लेकिन यहां वाहन चालकों को गड्ढों से भरी सड़क से गुजरना पड़ रहा है।
आगरा निवासी ट्रक चालक रामसिंह ने बताया कि फोरलेन पर कई जगह गड्ढे बने हुए हैं। उनका कहना है कि सड़क की खराब स्थिति से वाहन के साथ यात्रियों की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है। इसके बावजूद वाहन चालकों से पूरा टोल लिया जा रहा है।
कार चालक मानसिंह के मुताबिक गड्ढों से बचने के लिए वाहन को बार-बार दूसरी दिशा में करना पड़ता है। कई स्थानों पर गड्ढों से बचना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने सड़क की हालत जल्द सुधारने की मांग की।
बस चालक अर्जुन ने बताया कि गड्ढों के कारण यात्रियों को सफर के दौरान लगातार झटके सहने पड़ते हैं। साथ ही वाहनों में टूट-फूट की आशंका भी बनी रहती है।
मालथौन निवासी बाइक चालक इंद्रपाल राय ने बताया कि करीब पांच किलोमीटर के हिस्से में जगह-जगह गड्ढे नजर आ रहे हैं। उनके अनुसार सड़क का निर्माण कुछ समय पहले ही हुआ था, लेकिन अब इसकी हालत खराब हो चुकी है।
निर्माण गुणवत्ता की जांच की मांग
वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि हाल ही में बनाई गई सड़क पर इतनी जल्दी गड्ढे बनने लगे हैं तो निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और पूरी प्रक्रिया की जांच होनी चाहिए।
लोगों ने निर्माण में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क की बदहाली के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।








