सागर में कट्टा लेकर घूम रहा था युवक, पुलिस को देखते ही भागा; घेराबंदी कर दबोचा
सागर। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध देशी कट्टा लेकर घूम रहे युवक को गिरफ्तार किया है। थाने लाकर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि जनता स्कूल के पास पुरव्याऊ टौरी क्षेत्र में एक युवक देशी कट्टा लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम कार्यवाही के लिये रवाना की गई। पुरव्याऊ पर पुलिस पहुंची तो आरोपी देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा बरामद हुआ। कट्टा मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम राज पिता बलराम सोनी 24 वर्ष निवासी रविशंकर वार्ड होना बताया। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि देशी कट्टे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में किसी अज्ञात व्यक्ति से 5 हजार रुपये में कट्टा खरीदना बताया। मामला दर्ज कर आरोपी से हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है। कार्यवाही में राकेश सिंह राजपूत, अजय सिंह परमार, हेमंत सिंह ठाकुर, आशीष सिंह गौतम की भूमिका रही।








