सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची, निशानदेही पर चोरी का ट्रैक्टर बरामद
सागर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 9 मार्च को सुआतला निवासी बबलू पिता गनपत पटेल ने थाने पहुंचकर ट्रैक्टर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि वह रोजाना की तरह अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली को घर के बाहर खड़ा करके सोए थे। सुबह उठने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर नहीं मिली। आसपास के इलाके में तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने चोरी की जगह और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके साथ ही आरोपियों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने टीकाराम उर्फ टिक्कू सिंह और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। दोनों को थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने ट्रैक्टर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बंडा थाना क्षेत्र में टैंकर चोरी की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस अब इस मामले के साथ अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चोरी के मामले में नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया गया है। उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ जारी है।








