सागर। धामोनी-सागर मार्ग बंद होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों को सागर और बहरोल पहुंचने के लिए करीब 40 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ रहा है। मंगलवार को ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर बहरोल-कुल्ल के बीच धसान नदी पर पुल और सड़क निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों के मुताबिक उल्दन बांध परियोजना के चलते यह मार्ग डूब क्षेत्र में आ गया है। बहरोल उनके लिए प्रमुख केंद्र है, जहां थाना, सरकारी कार्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, बाजार और बैंक जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। रास्ता बंद होने से करीब 250 बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है, जबकि मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के लिए भी लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र से रोजाना करीब 2 से 3 हजार लोग मजदूरी और रोजगार के लिए सागर जाते हैं। किसानों को सब्जी, अनाज, दूध, फल और अन्य कृषि उपज सागर मंडी तक पहुंचाने में भी अतिरिक्त परिवहन खर्च उठाना पड़ रहा है। वहीं, कई किसानों को मजबूरी में स्थानीय स्तर पर कम दाम में उपज बेचनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बहरोल-कुल्ल के बीच धसान नदी पर जल्द पुल बनाने और सड़क मार्ग शुरू कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों की आवागमन संबंधी परेशानी दूर हो सके।








