होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

सागर : 999 छात्राओं की सप्लीमेंट्री से भड़का आक्रोश, कॉलेज के बाहर गूंजे ‘एक कचौड़ी, दो समोसा’ के नारे; अब जांच करेगी कमेटी

सागर। गर्ल्स डिग्री कॉलेज में ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

सागर। गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम को लेकर सोमवार को छात्राओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। करीब 1316 छात्राओं में से 999 को सप्लीमेंट्री और 158 छात्राओं को फेल बताए जाने के बाद बड़ी संख्या में छात्राएं कॉलेज परिसर के बाहर धरने पर बैठ गईं। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई और छात्राओं ने परीक्षा परिणाम की दोबारा जांच व कापियों के पुनर्मूल्यांकन की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान छात्राएं “एक कचौड़ी, दो समोसा, प्रिंसिपल तेरा क्या भरोसा” जैसे नारे लगाती नजर आईं। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी कर पेपर दिए थे, लेकिन परिणाम में इतनी बड़ी संख्या में सप्लीमेंट्री और फेल होने से मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी कॉलेज परिसर पहुंच गई। इसी दौरान प्राचार्य के गेट पर पहुंचने पर छात्राओं और अभिभावकों ने उन्हें घेर लिया। बातचीत के दौरान कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा। छात्राओं ने मांग रखी कि परिणाम की दोबारा जांच के साथ उनकी कापियों का पुनर्मूल्यांकन कराया जाए और इसके लिए अतिरिक्त फीस का बोझ न डाला जाए।

‘चार-चार विषयों की सप्लीमेंट्री कहां से भरें साहब…’

धरने के दौरान कुछ छात्राओं ने अपनी व्यक्तिगत परेशानियां भी सामने रखीं। छात्रा अवनी विश्वकर्मा ने बताया कि उनके पिता नहीं हैं और परिवार में दादी, मां और छोटा भाई हैं। घर का खर्च मजदूरी से चलता है और इन्हीं परिस्थितियों में वह अपनी पढ़ाई जारी रख रही हैं। अब चार-चार विषयों में सप्लीमेंट्री आने के बाद उनके सामने फीस और आगे की पढ़ाई को लेकर चिंता खड़ी हो गई है।

अवनी ने कहा कि वे लोग जैसे-तैसे पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन चार-पांच विषयों की सप्लीमेंट्री आने के बाद फीस के पैसे जुटाना उनके लिए मुश्किल होगा।

वहीं एक अन्य छात्रा ने बताया कि उसके परिवार में माता-पिता और भाई नहीं हैं। वह खेतों में काम करके पैसे जुटाती है और उसी से अपनी फीस भरती है। छात्रा का कहना था कि इतनी मेहनत के बावजूद उसे सभी विषयों में फेल कर दिया गया।

छात्राओं की बातों के दौरान कई छात्राएं भावुक भी नजर आईं। उनके लिए यह परिणाम केवल नंबरों का मामला नहीं, बल्कि फीस, आगे की पढ़ाई और भविष्य से जुड़ा सवाल बन गया है।

कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं छात्राएं

कॉलेज परिसर में प्रदर्शन के बाद छात्राएं अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय भी पहुंचीं और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की। छात्राओं ने कहा कि अगर मूल्यांकन में किसी तरह की गलती हुई है तो उसे सामने लाया जाए और सही परिणाम जारी किया जाए।

वहीं, मामले को लेकर कॉलेज प्रबंधन ने जांच टीम गठित कर दी है। टीम परीक्षा परिणाम और संबंधित रिकॉर्ड की जांच करेगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं को सप्लीमेंट्री आने की वजह क्या रही और मूल्यांकन प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है या नहीं।

फिलहाल छात्राओं की मांग है कि उनकी कापियों की दोबारा जांच और पुनर्मूल्यांकन कराया जाए, ताकि उन्हें अपने परिणाम को लेकर संतोषजनक जवाब मिल सके। अब सभी की नजर जांच कमेटी की रिपोर्ट और कॉलेज प्रबंधन की अगली कार्रवाई पर है।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All