नर्मदा के पतई घाट पर मिली रहस्यमयी आकृति, मैमथ हाथी के जबड़े का जीवाश्म होने की आशंका
जमीन में दबे मिले पत्थरनुमा अवशेष में उभरी हैं 18 दांत जैसी संरचनाएं, करीब डेढ़ फीट खुदाई के बाद बच्चों की नजर पड़ी; वैज्ञानिक जांच से ही खुलेगा रहस्य
रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा नदी के पतई घाट पर मिली एक अनोखी आकृति ने स्थानीय लोगों का ध्यान खींच लिया है। मंगलवार शाम घाट पर जमीन के भीतर दबे पत्थरनुमा अवशेष दिखाई दिए, जिनकी बनावट किसी विशाल जीव के जबड़े जैसी नजर आ रही है। आकृति में एक तरफ 11 और दूसरी तरफ सात दांत जैसी संरचनाएं उभरी हुई हैं। इसी वजह से ग्रामीणों के बीच इसे हजारों साल पुराने विलुप्त मैमथ हाथी के जबड़े का जीवाश्म होने की चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, अभी तक इसकी कोई वैज्ञानिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम कुछ बच्चे पतई घाट पर मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान करीब डेढ़ फीट नीचे उन्हें जमीन में दबी यह अजीबोगरीब संरचना दिखाई दी। बच्चों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद धीरे-धीरे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि आकृति का काफी हिस्सा अभी भी जमीन के अंदर मौजूद है। आसपास पानी भरा होने के कारण उसे पूरी तरह बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।
अवशेष सामने आने के बाद ग्रामीणों में इसे लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं होने लगीं। कुछ लोगों ने इसे किसी प्राचीन विशालकाय जीव का अवशेष बताया, तो वहीं कुछ ग्रामीणों ने इसे दैवीय स्वरूप मानकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलने पर देर शाम तहसीलदार और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
गौरतलब है कि पतई घाट से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर करीब 15 साल पहले भी डायनासोर के अंडों जैसी आकृतियां मिलने की बात सामने आई थी। ऐसे में एक बार फिर इस क्षेत्र में प्राचीन जीवों से जुड़ी संरचना मिलने से लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है। यदि जांच में यह आकृति किसी विलुप्त जीव का जीवाश्म साबित होती है, तो इसे क्षेत्र के लिहाज से एक महत्वपूर्ण खोज माना जा सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुरातत्व, भूविज्ञान और जीवाश्म विज्ञान के विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया जाए। साथ ही अवशेष की सुरक्षित खुदाई कराकर उसकी वैज्ञानिक जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि जमीन में मिली यह संरचना आखिर किसकी है और कितनी पुरानी है। फिलहाल, इस रहस्यमयी आकृति को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।








