26 वर्षीय राजा राजपूत ने वीडियो में दावा किया था कि उपचार के दौरान अचानक हाथ-पैरों ने काम करना बंद कर दिया था; हालत बिगड़ने पर भोपाल किया गया था रेफर, जहां इलाज के दौरान हुई मौत
सागर। सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अस्पताल में उपचार करा रहे 26 वर्षीय राजा राजपूत की मौत हो गई। अब उसकी मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में राजा ने अस्पताल में इलाज के दौरान हुई परेशानियों का जिक्र करते हुए डॉक्टरों के व्यवहार और उपचार को लेकर सवाल उठाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद सागर के चैतन्य अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, केसली क्षेत्र के ग्राम कुसमी निवासी राजा राजपूत पिता तीरथ राजपूत बाइक से रोरीबारी घटिया के पास खड़ा था। इसी दौरान एक अज्ञात बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में राजा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए चैतन्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।
राजा ने अपने अंतिम दिनों में बनाए गए वीडियो में अस्पताल में उपचार के दौरान आई परेशानी का जिक्र किया है। उसका कहना था कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान अचानक उसके हाथ-पैरों ने काम करना बंद कर दिया। इस बदलाव को लेकर उसने डॉक्टरों से सवाल भी किया कि जब वह पहले ठीक था तो अचानक उसके शरीर ने काम करना क्यों बंद कर दिया? वीडियो में राजा के मुताबिक, इस सवाल पर डॉक्टर ने कथित तौर पर जवाब दिया, ‘हम डॉक्टर हैं, तुम नहीं।’
इसके बाद राजा की तबीयत और बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राजा की मौत के बाद परिजनों ने चैतन्य अस्पताल में उपचार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में उचित इलाज नहीं मिलने के कारण राजा की हालत बिगड़ी। हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और इस मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष भी सामने आना बाकी है।
वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
राजा की मौत के बाद सामने आए इस वीडियो ने पूरे मामले को नए सिरे से चर्चा में ला दिया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अस्पताल में उपचार के दौरान अचानक उसके हाथ-पैरों ने काम करना क्यों बंद कर दिया था ? उसकी हालत बिगड़ने के पीछे क्या वजह थी और क्या इलाज के दौरान किसी तरह की चूक हुई थी?
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस वीडियो और परिजनों की शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है। क्या पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और उपचार के दौरान हुई घटनाओं की वास्तविक स्थिति सामने आएगी ? फिलहाल राजा का वीडियो अस्पताल में मरीजों के इलाज और चिकित्सा व्यवस्था की जवाबदेही को लेकर कई सवाल छोड़ गया है।








