सागर : कर्रापुर के पास दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार अर्टिगा ने बाइक को मारी टक्कर; दो युवकों की मौत
ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे बंसल हॉस्पिटल के सुरक्षा गार्ड, सड़क पर फैली मुरम को ग्रामीणों ने बताया हादसे की वजह, NHAI के खिलाफ जताई नाराजगी
सागर। कर्रापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में फोरलेन सड़क पर हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार अर्टिगा कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। दोनों युवक सागर के बंसल हॉस्पिटल में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे और ड्यूटी खत्म होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। वहीं, ग्रामीणों ने सड़क पर फैली मुरम को दुर्घटना की बड़ी वजह बताते हुए प्रशासन और नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) के प्रति नाराजगी जाहिर की है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम गोरा निवासी मनोज सेन और धर्मेंद्र राय बंसल हॉस्पिटल में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद मोटरसाइकिल से घर के लिए निकले थे। वे कर्रापुर के नजदीक फोरलेन मार्ग से गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज गति में आ रही अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और कार की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान ग्राम गोरा, वार्ड क्रमांक 12 निवासी मनोज सेन (पिता भागीरथ सेन) और धर्मेंद्र राय के रूप में हुई है। दुर्घटना की खबर मिलते ही कर्रापुर चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही हादसे के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
सड़क पर बिखरी मुरम को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि फोरलेन पर निजी स्तर पर मुरम डाली गई है, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहनों का संतुलन बिगड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी मुरम के कारण अर्टिगा कार अनियंत्रित हुई और बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह जानलेवा हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर फैली मुरम के चलते पहले भी कई बार वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा है और दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस समस्या की जानकारी पहले भी NHAI के अधिकारियों को दी गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क से मुरम हटवा दी जाती और यातायात सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जाते तो संभव है कि दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी।
मुरम हटाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। दूसरी ओर, ग्रामीणों ने प्रशासन और NHAI से मांग की है कि फोरलेन पर फैली मुरम को तत्काल हटाया जाए, ताकि आगे इस तरह की दुर्घटनाएं न हों। साथ ही उन्होंने लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है।








