मकरोनिया खाद केंद्र और कृषि उपज मंडी पहुंचे कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, बोले- खाद वितरण में न हो दिक्कत, प्रवेश पर्ची के लिए किसानों को इंतजार कराने से बचें
सागर, 19 नवंबर 2026। किसानों को खाद लेने और कृषि उपज मंडी में अपनी उपज बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने गुरुवार को मकरोनिया स्थित नकद खाद विक्रय केंद्र और सागर कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद की उपलब्धता, वितरण प्रक्रिया, किसानों की सुविधाओं और मंडी में प्रवेश पर्ची बनाने की व्यवस्था का जायजा लिया। अव्यवस्थाएं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
ई-टोकन से ही हो खाद का वितरण
मकरोनिया स्थित खाद विक्रय केंद्र पहुंचकर कलेक्टर ने सबसे पहले गोदाम में उपलब्ध खाद के स्टॉक की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने टोकन काउंटर पर किसान के सामने ही ई-टोकन जनरेट करवाकर पूरी प्रक्रिया देखी। उन्होंने वहां मौजूद किसान से बातचीत कर खाद वितरण की स्थिति और आ रही दिक्कतों के बारे में भी पूछा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को खाद का वितरण ई-टोकन व्यवस्था के माध्यम से ही किया जाए। गोदाम में उपलब्ध खाद की मात्रा की जानकारी पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट रखी जाए। उन्होंने कहा कि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए और किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। पूरी व्यवस्था व्यवस्थित और सुचारू तरीके से संचालित की जाए।
प्रवेश पर्ची के लिए किसानों को लाइन में देख नाराज हुए कलेक्टर
इसके बाद कलेक्टर सागर कृषि उपज मंडी पहुंचे, जहां उन्होंने किसान प्रवेश पर्ची काउंटर की स्थिति देखी। यहां पर्ची बनवाने के लिए किसानों को कतार में खड़ा देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। कलेक्टर ने मंडी सचिव, मंडी निरीक्षक और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रवेश पर्ची जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, जिससे किसानों को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े और उन्हें कतारों में खड़े होने की नौबत न आए।
उन्होंने अपने सामने ही कुछ किसानों की प्रवेश पर्चियां बनवाकर व्यवस्था की कार्यप्रणाली देखी। इस दौरान किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनीं और मंडी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए।
मंडी में किसानों का समय बचाने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंडी में चल रही उपज नीलामी की प्रक्रिया और सक्रिय व्यापारियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मंडी में किसानों को बेवजह अधिक समय तक रुकना न पड़े। इसके लिए मंडी में प्रवेश से लेकर उपज बेचकर बाहर निकलने तक की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने मंडी परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसानों के लिए जरूरी अन्य सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मंडी परिसर के खाद केंद्र का भी लिया जायजा
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने मंडी परिसर में संचालित खाद वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने खाद की आवक, किसानों को किए जा रहे वितरण, उठाव और शेष स्टॉक के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।
उन्होंने निर्देशित किया कि किसानों को नियमित रूप से खाद उपलब्ध कराया जाए और वितरण की प्रक्रिया सरल रखी जाए। खाद के उपलब्ध स्टॉक का रिकॉर्ड समय-समय पर अपडेट किया जाए, ताकि किसानों को सही जानकारी मिल सके और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।








