पश्चिम एशिया के तनाव से मेडिकल सप्लाई प्रभावित, सरकारी अस्पतालों में सिरिंज और कैथेटर की कमी के आसार
मेडिकल उपकरण बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल 30 से 50 फीसदी तक महंगा, कंपनियों ने रोकी सप्लाई; नई दरों पर खरीदी का इंतजार
ग्वालियर। पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर अब मेडिकल उपकरणों के कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। ग्वालियर सहित मध्यप्रदेश के सरकारी अस्पतालों में सिरिंज, आईवी सेट, ग्लव्स और कैथेटर जैसे जरूरी चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। इन उत्पादों को तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला मेडिकल-ग्रेड पॉलीप्रोपाइलीन 30 से 50 प्रतिशत तक महंगा हो चुका है। कच्चे माल की कीमत बढ़ने से निर्माता कंपनियों के लिए पुरानी दरों पर सामान उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया है। ऐसे में कई कंपनियों ने फिलहाल आपूर्ति रोक दी है।
इसका असर सरकारी अस्पतालों की खरीद व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। दरअसल, कंपनियां बढ़ी हुई उत्पादन लागत के हिसाब से नई कीमतों पर सप्लाई करना चाहती हैं, लेकिन सरकारी स्तर पर नए रेट कॉन्ट्रैक्ट की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। पुरानी दरों पर सामान देने से कंपनियों को नुकसान हो रहा है, जबकि नई कीमतें तय नहीं होने के कारण अस्पतालों की खरीद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
134 रुपये का सामान अब 200 रुपये तक पहुंचा, कैथेटर की कीमत दोगुनी होने की संभावना
सर्जिकल उपकरणों के कारोबार से जुड़े लोगों के मुताबिक, पहले जिस सामान की कीमत 134 रुपये थी, उसके लिए अब करीब 200 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। कीमतों में बढ़ोतरी का असर रोजाना इस्तेमाल होने वाले मेडिकल उपकरणों पर भी पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, पांच एमएल की सिरिंज की कॉर्पोरेशन में खरीद दर पहले 1.89 रुपये थी, जो अब बढ़कर लगभग 2 रुपये होने का अनुमान है। इसी तरह आईवी सेट की कीमत 5 रुपये से बढ़कर 7.50 रुपये तक पहुंचने की संभावना है। सबसे ज्यादा अंतर कैथेटर की कीमत में देखने को मिल रहा है। इसकी पुरानी कीमत 25 रुपये थी, जो बढ़कर करीब 50 रुपये हो सकती है। कई उत्पादों में लागत इतनी बढ़ गई है कि निर्माता कंपनियां पुराने अनुबंध के मुताबिक आपूर्ति करने को तैयार नहीं हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधा से बढ़ी कच्चे माल की कीमत
मेडिकल उपकरणों की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस से तैयार होने वाले पेट्रोकेमिकल कच्चे माल की महंगाई को प्रमुख वजह माना जा रहा है। सिरिंज, आईवी सेट और अन्य चिकित्सा उपकरणों के निर्माण में इनका इस्तेमाल होता है।
इस कच्चे माल के आयात के प्रमुख स्रोतों में चीन, दक्षिण कोरिया, जापान, ताइवान, अमेरिका और खाड़ी के देश, जैसे सऊदी अरब और कतर शामिल हैं। पश्चिम एशिया में तनाव के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाला समुद्री परिवहन प्रभावित हुआ है। इससे तेल, गैस और पेट्रोकेमिकल उत्पादों की सप्लाई पर असर पड़ा है। परिणामस्वरूप कच्चे माल के साथ माल ढुलाई और बीमा का खर्च भी बढ़ गया है।
दवाओं की सप्लाई भी प्रभावित
सेंट्रल मेडिसिन स्टोर, जेएएच के नोडल अधिकारी डॉ. देवेन्द्र सिंह कुशवाह के अनुसार, परेशानी केवल सर्जिकल उपकरणों तक सीमित नहीं है, बल्कि दवाओं की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि सामान के लिए लगातार ऑर्डर दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कई ऑर्डर की सप्लाई नहीं मिली है। कुछ ऑर्डर तो रद्द भी हो चुके हैं।
डॉ. कुशवाह के मुताबिक, मौजूदा स्थिति में अस्पतालों को जरूरी सर्जिकल सामग्री और दवाएं समय पर उपलब्ध कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।








