सिर, चेहरे और गले पर चोट के निशान मिले; 40 से 45 वर्ष बताई जा रही महिला की उम्र, पहचान में जुटी पुलिस, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
सागर। कैंट थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक महिला का लहूलुहान शव पड़ा मिला। सुबह करीब 9 बजे एक राहगीर ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो महिला के सिर, चेहरे और गले पर चोटों के निशान मिले। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।
रेलवे स्टेशन के आसपास देखी जाती थी महिला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृत महिला की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि महिला को रेलवे स्टेशन के आसपास अक्सर देखा जाता था और वह भीख मांगकर अपना जीवन गुजारती थी। पुलिस अब उसकी पहचान से जुड़े सुराग जुटा रही है, ताकि उसके परिजनों तक पहुंचा जा सके।
CCTV फुटेज से तलाशे जा रहे सुराग
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि महिला के शरीर पर सिर, चेहरे और गले में चोट के निशान पाए गए हैं। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है।
पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के जरिए महिला की पहचान और घटना से पहले तथा बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। वहीं, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच की जा रही है।








