होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

पति के प्रेम संबंधों से नाराज पत्नी ने रची एयर होस्टेस की हत्या की साजिश, 13 लाख में दी सुपारी

गोंदिया के जंगल में चाकू ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

गोंदिया के जंगल में चाकू मारकर की गई थी वर्षा तुरकर की हत्या, कार में लगे GPS से ट्रैक की जा रही थी लोकेशन; पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा, दो की तलाश जारी

बालाघाट। महाराष्ट्र के गोंदिया में एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि पति के दूसरी महिला के साथ संबंध होने से नाराज उसकी पत्नी ने कथित तौर पर हत्या की पूरी साजिश तैयार की थी। इसके लिए 13 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात भी सामने आई है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले कार में लगे GPS की मदद से उसकी लोकेशन पर नजर रखी और सही मौका मिलते ही चाकू से हमला कर वर्षा की जान ले ली।

मृतका वर्षा तुरकर (35) मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरलांजी क्षेत्र के नवेगांव (ख) की रहने वाली थी। 14 नवंबर को गोंदिया के बोंडरानी गांव के जंगल में शिव मंदिर के पास उसकी हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोंदिया पुलिस ने जांच शुरू की और अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल (41), इमरान शेख (26), शाहरुख पठान (33) और कुणाल कुंभलकर (31) शामिल हैं। वहीं, नलन उर्फ नायलान शेख (24) और कृष्णा राऊत (19) अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

पति और वर्षा के संबंधों से नाराज थी मोना, पड़ोसी को बनाया साजिश में शामिल

गोंदिया पुलिस के अनुसार, नितेश अग्रवाल और वर्षा तुरकर के बीच प्रेम संबंध थे। इस बात को लेकर नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल नाराज रहती थी। इसी नाराजगी के चलते उसने वर्षा की हत्या कराने की योजना बनाई। इस साजिश में उसने अपने पड़ोसी कुणाल कुंभलकर को भी शामिल कर लिया।

जांच में पता चला कि कुणाल ने हत्या के लिए सुपारी देने के उद्देश्य से शाहरुख पठान से संपर्क किया था। कथित तौर पर 13 लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया गया। इसके बाद शाहरुख ने अपने परिचित इमरान शेख, नलन शेख और कृष्णा राऊत को इस वारदात को अंजाम देने की जिम्मेदारी सौंपी।

पत्नी के नाम पर थी कार, GPS से आरोपियों तक पहुंचती रही लोकेशन

हत्या की साजिश में इस्तेमाल किए गए तरीके की जांच के दौरान पुलिस को कार में लगे GPS की अहम भूमिका का पता चला। पुलिस के मुताबिक, नितेश अग्रवाल जिस कार से सफर कर रहा था, उसका पंजीकरण उसकी पत्नी मोना अग्रवाल के नाम पर था। कार में लगे GPS से जुड़े मोबाइल एप के जरिए आरोपियों को वाहन की लोकेशन मिलती रहती थी।

इसी जानकारी के आधार पर हमलावर लगातार नितेश की कार की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। जब कार बालाघाट की तरफ जा रही थी, तभी बोंडरानी गांव के जंगल में शिव मंदिर के पास आरोपियों को वारदात का मौका मिल गया। यहां वर्षा पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

250 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग

मामले की तह तक पहुंचने के लिए गोंदिया पुलिस ने बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया। एसपी गौरव भामरे के निर्देशन में विशेष टीम ने घटनास्थल से लेकर तिरोड़ा, खैरलांजी, वारासिवनी और बालाघाट होते हुए गोंदिया तक के रास्तों पर लगे 250 से ज्यादा CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की।

इस दौरान फुटेज में तीन संदिग्ध बाइक सवार नितेश की कार का पीछा करते दिखाई दिए। पुलिस ने इस अहम सुराग के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। कड़ियां जोड़ने पर कथित सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश का खुलासा हुआ।

पूरी कार्रवाई एएसपी अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में अपराध शाखा निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुड़े की टीम ने की। जांच के दौरान बालाघाट पुलिस ने भी सहयोग किया।

वर्षा और नितेश के बीच 60 लाख रुपये के लेनदेन की भी जांच

गोंदिया एसपी गौरव भामरे ने गुरुवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि पुलिस इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान वर्षा तुरकर और नितेश अग्रवाल के बीच करीब 60 लाख रुपये के कथित आर्थिक लेनदेन की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रकम के लेनदेन का हत्या की वारदात से कोई संबंध था या नहीं। साथ ही पूरे घटनाक्रम में नितेश अग्रवाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इसके अलावा, मोना अग्रवाल ने सुपारी की रकम जुटाने के लिए जिस व्यक्ति से 13 लाख रुपये लिए थे, उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All